Friday, 21 April 2017

Thursday, 6 April 2017

Monday, 14 November 2016

रघुवर दास के नाम :

जीप हर मोड़ पे गुजरती है
हर तरफ फौज़ गश्त करती है
अपनी पोशाक में
सत्ता के सब घमंड लिए
मशीनगन की मैगजिन में
झारखंड लिए
तुम्हारे वास्ते
होंगे ये खान हीरों के
हमारे वास्ते ये मोर्चा ही आखिर है
सुनो ! तुम प्यार करती हो करो या ना करो ! लेकिन तुम्हारा साथ मुझको चाहिए हक की लड़ाई में

2008 में मेरी केरल यात्रा की डायरी के पन्नों से . . .

2008 में मेरी केरल यात्रा की डायरी के पन्नों से . . .
"क्यूँकि इतना तो पक्का है कि ये सिर्फ कासरगोड़ से त्रिवेन्द्रम तक का सफर नहीं है. ये सिर्फ NH-17 से NH-47 तक का रास्ता नहीं है और न ये केरल के समंदर के किनारे बिताए हुए दिन हैं. न तो ये एकांत में मिल रहे नए लोगों की गिनती है, ना ही नए कई चेहरों को पेन और कागज पर समेटने की कोशिश. लगातार चलते रहने की ऊब भी नहीं है और ना ही लगातार चलते रहने के लिए जोश को बनाए रखने का जुगाड़ ! फिर क्या है ये ! इतना तो महसूस कर सकता हूँ के वो थकान भी नहीं है जो 700 किलोमीटर चलने के बाद होनी चाहिए. मैंने जानबूझकर इसे जारी किए रखा है. बिना एक भी दिन रुके हुए. इतना कह सकता हूँ के उम्मीद का एक सिरा हमेशा मेरे एक हाथ में रहा है, जो शायद मुझे लगातार खींचता रहा है या शायद मैं जिसे लगातार धकेलता रहा हूँ आगे की तरफ़ . . . "
जमाने भर के उजले खोखले लोगों का भारीपन
बहुत हल्के से हँस के दो घड़ी में तोल देता हूँ
सिवा तेरे कोई सोचेगा क्या, परवा नहीं करता
मुझे जो बोलना होता है वो मैं बोल देता हूँ
मुझे मालूम है कपड़े मेरे मुझको डुबो देंगे
तो जब भी डूबने लगता हूँ सबकुछ खोल देता हूँ

Monday, 27 October 2014




जब तुम  झूठ कहते हो  हमें  मालूम होता है
जब तुम  सच बताते हो  हमें मालूम होता है

दोस्ती में  जान ले लो    . . . .   जान  दे देंगे
मगर जब आजमाते हो  हमें मालूम होता है

मेरी बातों से तुम अक्सर बहोत बेफ़िक्र रहते हो
मगर जब खार खाते  हो  हमें मालूम होता है

दिवाली में दिवाले में या अंबानी के ताले में
कहाँ पर झिलमिलाते हो हमें मालूम होता है 

Friday, 24 October 2014



####

खाली मुंडी डेविल का घर
आओ गाड़ दें मील के पत्थर

चला मुरारी गेरुआ धारी
हीरो बनने भेष बदल कर

लाल लंगोटी वाले देखो
संसद पहुँचे पहन के खद्दर

कब तक डर कर काँपोगे तुम
कुरूक्षेत्र में थर थर थर थर

बंदूकों को लील जाएँगे
फ़ौलादी सीनों के लश्कर

दुनियाँ कभी नहीं बदलेगी
जब तक हैं अल्लाह-ओ-ईश्वर

### हम दोगलापन दूर से पहचान लेते हैं ###




भगोड़े छोड़ कर मैदान चुप्पी तान लेते हैं
और हम दोगलापन दूर से पहचान लेते हैं

हमें मालूम है सरहद समय की पूँछ है यारों
मगर फ़िलहाल तेरी बेवकूफ़ी मान लेते हैं

के तुम अल्लाह भगवन् गाॅड सबके चाट लो तलवे
मगर हम भूत प्रेतों से नहीं एहसान लेते हैं

मुरारी दूध के बदले सवेरे माड़ पीता है
औ' साहेब जूस में भी बाॅर्नवीटा डाल लेते हैं

ज़रा सा भी भरम मत पालना के माफ़ कर देंगे
बदल देते हैं हम हरदम के जो भी ठान लेते हैं


###  होंठ तुम्हारे  नॉन वॉयलेंस
###  आँखें तेरी  हल्ला बोल ###


इश्क का दीवानापन देखो खोल दो डोरी खुल गई पोल 
होंठ तुम्हारे नाॅन वाॅयलेंस आँखें तेरी हल्लाबोल 

तौल रहा है पाई पाई खड़ी धूप में रिक्शेवाला 
मर्सीडीज़ में घूम रहे हैं कुकुर बिलाई सब अनमोल

मिल वर्कर्स और ट्रेड यूनियन दौड़ धूप कर हवा हो गए
और ट्रेड मिल्स पर भाग रहे हैं भारी भरकम गोलमटोल

भूत प्रेत निकट नहीं आवें महावीर जब नाम सुनावें
राहत भाई फिर से आओ छोड़ के अपना अल्लाह बोल

Friday, 17 May 2013

अगर सीधा पहुंचना हो तो फ़िर उलटी तरफ़ निकलो
तुम्हें पूरा जहाँ मिल जाएगा सुनाने समझने को 

बबली चड्ढा

बबली चड्ढा
बीसी की है ये सरकार
बीसी का हरदिन त्यौहार
बीसी के सपने रंगीन
बीसी की बातें नमकीन
बबली निकली एक दो तीन
बीसी खुश है तो खुशहाल
बीसी पलटे तो भूचाल
बीसी को यूँ सबसे प्यार
बीसी भड़के तो तलवार
बीसी बोले सच्ची बात
बोले बूँद को ये बरसात
बीसी बीज को बोले पेड़
बीसी राई को बोले ताड़
बीसी जाए by ट्रेन
तो बोले सबको aeroplane
बीसी long ड्राइव पे जाए
इसके नखरे वखरे हाय
बबली डिनर पे जाती है
SAB WAY pizza khati hai
बीसी ब्रांड पहनती है
उम्दा चीज़ उठाती है
बीसी ऑटो से जाए तो
 mercedease बताती है 

kerala journey

पहले थोड़ा ठहरे और फ़िर
एक सफर पर
चल निकले
बेख़ौफ़ चले
पैदल निकले
वक्त जहाँ
धीमा
धीमा सा
कई सदियों तक फैला है


समंदर पे हम अपना रुआब रखते हैं

वो कहते हैं अक्सर नीचे ज़मीन पर देखो 
मगर हम के करें हम ऊंचे ख्वाब रखते हैं 


 जो हम नहीं रखते वो बस हम नहीं रखते
मगर जो हम रखते हैं वो बेहिसाब रखते हैं 


हमने हवाओं के हवाले किया है कश्ती को
मगर समंदर पे हम अपना रुआब रखते हैं 

Tuesday, 11 September 2012

कोई problem है तुम्हें..!

जिससे आग सुलगी है
वो बयान मेरा है
ये ज़मीन मेरी है
आसमान मेरा है
कोई problem है तुम्हें..!
गली नदी सड़क हवा
शहर की रेलगाड़ियाँ
गगन के सब हवामहल
जहाँ तलक वज़ूद है
पूरा जहान मेरा है
यह ज़मीन मेरी है
आसमान मेरा है
कोई problem है तुम्हें..!
डर की सरज़मीन से
शेर की दहाड़ तक
तिल से लेके ताड़ तक
राई से पहाड़ तक
जहां तलक है ज़िन्दगी
हर मकान मेरा है...
ये ज़मीन मेरी है
आसमान मेरा है
कोई problem है तुम्हें ...!

Friday, 1 June 2012

ये सब ढाँचे हिल जायेंगे

वो रात जो हम पे भारी है
उस रात की ये तैयारी है
दम साध के हम बैठे हैं मगर...
दम साध के बैठे हैं हम भी ।

इक रक्स अभी होते होते
इस वक्त का मतलब बो देगा
ये ज़ोर ज़बर के हर किस्से
इक रोज़ तो मानी खो देंगे
इक रोज़ तो दुनिया बदलेगी
मेरे जीतेजी सब होगा......
मेरी आंखों के आस पास .

ऐसा भी नहीं है के कोई
रफ़्तार अलग सी होती है
जब दौर बदल जाते हैं कहीं
चुटकी इक साथ बजाने पर

ऐसा भी नहीं है चुपके से
हम बुद्ध कहीं पर हो जायें
ऐसा भी नहीं है
सन्नाटा
कुछ और नहीं गहराएगा
ऐसा भी नहीं है बिन बोले
अल्फाज़ कभी खुशबू देंगे
ऐसा भी नहीं चरनेवाले
कुछ बीज कहीं पर बो देंगे ...

इक चीज पे ज़ोर लगाने से
ये सब ढाँचे हिल जायेंगे
कुछ और बढाओ रक्स अभी
कुछ और कुरेदो धरती को
वो रात जो हम पे भारी है
उस रात की ये तैयारी है .

Monday, 23 April 2012

Friday, 27 January 2012

अगर कन्धों पे gun रखना

अगर कन्धों पे gun रखना
तो भीतर तुम
वज़न रखना
नसों में बिजलियाँ
और सीने में
लोहे सा मन रखना

बदन पर धूप की कालिख लगी हो
यूं उमर गुजरे
कलाई पर घड़ी हो
या न हो
चेहरा बताये सब

चेहरा बताये सब
समय को किस तरह तुमने
गुजारा है पसीने में
है कितनी आग सीने में
ये बोले आँख की सुर्खी
बताएं पैर के छाले
के तुम आये कहाँ से हो

हथेली पर लकीरों से भी ज़्यादा
चोट के किस्से
फ़साने हों फकीरों से भी ज्यादा
तेरे होठों पर.
निशाने पर हमेशा
खोखले सब कायदे रखना
trigger पे उंगलियाँ रखना
और
माथे पर कफ़न रखना
अगर कन्धों पे gun रखना
तो भीतर तुम वज़न रखना

अकेले ही निकलना गर कभी कोई न मिल पाए
फ़क़त
इतना यकीं रखना
के तुम तनहा नहीं बिलकुल
बहुत बारूद लेकर छातियों में
गुमशुदा हैं सब
ज़मानत पे रिहा हैं लोग
जो
सडकों पे दिखते हैं
ये सब अपनी तरफ आयेंगे
ये logic बताता है

ये सब इस्पात के ढाँचे
ये काली रात के ढाँचे
ढलेंगे फिर से सांचों में
गलेंगी कीमतें सारी
हवाएं
फिर से बदलेंगी
यक़ीनन
देख लेना तुम

के अब सब सीज़ हो जाएँगे इंजिन
देख लेना तुम
और ख़त्म होंगे सब division
देख लेना तुम

ज़िगर में इक तमन्ना
और नज़र में बांकपन रखना
अगर कन्धों पे gun रखना
तो भीतर तुम वज़न रखना



..........चौथा खंड समाप्त

Thursday, 22 December 2011

लह लह ईंट बनानेवाले

लह लह ईंट बनानेवाले
भट्ठी को सुलगाने वाले
खडी धूप के नीचे अक्सर
सूखे चने चबाने वाले
दिखते हैं कमज़ोर
मगर तुम
जोर से इनसे मत भिड़ना
........................
ये धूप जले काले चेहरे
बेख़ौफ़ हँसी वाले चेहरे
पलकों पे धूल जमी इनकी
बाजू में खून दौड़ता है
ये पतले दुबले सींक बदन
इस्पात से ज्यादा असली हैं
ये चुप्पी साधे बिन बोले
हर बात से ज्यादा असली हैं
लो
खौल रहा है दौर
के चाहे
खूब मचा लो शोर
मगर तुम
जोर से इनसे मत भिड़ना
ये सड़कों के सब कोलतार
जो हाथ गलाते रहते हैं
ये आग के ऊपर रोजाना ही
आते जाते रहते हैं
ये बेसब्री और सब्र के नीचे
कुछ बतियाते रहते हैं
ये ..........
सोलह घंटों में
जुटा रहे हैं
रोटी के दो कौर
के आखिर
कब तक रात रहेगी बोलो
देंगे सब झकझोर
कभी तुम
जोर से इनसे मत भिड़ना
बस दिखते हैं कमज़ोर
मगर तुम
जोर से इनसे मत भिड़ना

जो बदन गला कर मिटटी से
इस्पात बनाने वाले हैं
जो सड़कों पर चौबिस घंटे
गाड़ी दौड़ाने वाले हैं
जो 60 साल तक गेट-पास से
आने जाने वाले हैं
उनके हाथों में चाभी है
दुनिया के हर ताले की
और
चाभी ना हो तो भी वो
तालों को तोड़ के आयेंगे

वो
पत्थर तोड़ने वाले देखो
लौट रहे हैं इस जानिब
वो दरिया मोड़ने वाले देखो
लौट रहे हैं ईस जानिब
इस जानिब काफी गर्मी है
खौल रहा है अफ़साना
किरदार बदलने होंगे अब
हथियार बदलने होंगे अब
भीतर बदला बाहर बदला
और बदला चारों ओर
के अब तुम
जोर से इनसे मत भिड़ना....
बस दिखते हैं कमज़ोर .....
कभी तुम
जोर से इनसे मत भिड़ना
जो
ऊंचे ऊंचे महल अटारी
अपने सर पे ढ़ोते हैं
अक्सर संजीदा होते हैं
और बीडी पीते रहते हैं.......
..............................
मरते हैं हर रोज़ मगर ये
फिर भी जीते रहते हैं
ये चुप रहते हैं अक्सर लेकिन
जब लड़ने पे आते हैं
चाहे जितना रोको
आपे से
बाहर हो जाते हैं
ऐसे में क्या होता है
इतिहास बताएगा पढ़ लो

इतिहास बनाए जाते हैं
और ख़ास बनाए जाते हैं
लेकिन इससे पहले शायद
खुद जलना पड़ता होगा
इतनी दूर पहुँचने में
काफी चलना पड़ता होगा
आओ
चलते हैं हम भी
दिल्ली के आला महफ़िल में
जहां
शीश नवाए जाते हैं
झंडे फ़हराए जाते हैं
और राष्ट्रगान के कोरस पे
जहां बैंड बजाये जाते हैं
जहां तोप तमंचे ताकत के
झूठे अफ़साने चलते हैं
और हरेक प्रांत के छोटे मोटे
गाने वाने चलते हैं
जहां नौटंकी अपनी पूरी
श्रद्धा से खेली जाती है
जहां भाषण झाडे जाते हैं
जहां झांट उखाड़े जाते हैं
जहां तमगे बांटे जाते हैं
और तलुवे चाटे जाते हैं
आओ
बीडी पीने वालों
आओ
के दिल्ली चलते हैं
तुम ईंट सजाने मत आना
तुम ईंट गिराने आ जाना
तुम आग बुझाने मत आना
तुम आग लगाने आ जाना
सच झूठ बताने आ जाना
दिल्ली खौलाने आ जाना
आओ
बीडी पीने वालों
आओ अबके माचिस ले के
तुम रास रचाने आ जाना
मुट्ठी खुलवाने आ जाना
मुक्के टकराने आ जाना
उलझन सुलझाने आ जाना
गद्दी को हिलाने आ जाना
हर चीज़ बचाने आ जाना
बीडी पीने वालों आना
दिल्ली खौलाने आ जाना



तीसरा खंड समाप्त

Wednesday, 21 December 2011

बस एक बार ये गिरेबान दिखलाओ तुम
और बदले में सारी दुनिया ले जाओ तुम

पलकें नीची करके मत बोलो कुछ भी
सच है तो फिर हमसे नज़र मिलाओ तुम

हम पत्थर हैं यहीं मिलेंगे सदियों तक
चाहे जितना घूम घाम कर आओ तुम

सच तो ये है तुम मौके पर भाग गए
बाद में चाहे जो भी वज़ह बताओ तुम

औकात पता करनी हो गर तुमको अपनी
तो हम जैसों से कभी कभी टकराओ तुम

अन्दर अन्दर बहुत खोखला है सिस्टम
इक ज़ोर का धक्का देकर इसे हिलाओ तुम